भारत और कनाडा ने अपने आर्थिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। दोनों देश वर्ष 2026 तक मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) यानी व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता (सीईपीए) को अंतिम रूप देने की कोशिश कर रहे हैं।
वर्तमान में भारत और कनाडा के बीच लगभग 17 अरब डॉलर का व्यापार होता है। दोनों देशों का लक्ष्य है कि वर्ष 2030 तक इसे बढ़ाकर 50 अरब डॉलर तक पहुंचाया जाए।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने ओटावा में चल रही बैठक के दौरान कहा कि भारत और कनाडा जल्द से जल्द सीईपीए वार्ता को पूरा करना चाहते हैं।
सीईपीए वार्ता का तीसरा दौर 25 मई से 29 मई तक ओटावा में आयोजित किया जा रहा है। इससे पहले दोनों देशों के बीच दो दौर की बातचीत सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी है।