उत्तर प्रदेश में शुरू हुआ ‘प्रोजेक्ट गंगा’, गांवों तक पहुंचेगा हाई-स्पीड इंटरनेट
June 11, 2026 • National
उत्तर प्रदेश सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने के लिए ‘प्रोजेक्ट गंगा’ की शुरुआत की है। इस परियोजना का उद्देश्य गांवों तक हाई-स्पीड इंटरनेट पहुंचाना और डिजिटल शिक्षा, टेलीमेडिसिन, ई-गवर्नेंस, कौशल विकास तथा तकनीक आधारित रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना है।
इस परियोजना के तहत पूरे राज्य में डिजिटल सर्विस प्रोवाइडर्स (DSPs) का एक मजबूत नेटवर्क तैयार किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य लगभग 20 लाख परिवारों को हाई-स्पीड इंटरनेट से जोड़ना, 8 से 10 हजार डिजिटल सर्विस प्रोवाइडर्स तैयार करना और 1 लाख से अधिक प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा करना है।
प्रोजेक्ट गंगा के पहले चरण में 21 जिलों में इसकी शुरुआत की जा रही है। इस परियोजना में वनओटीटी इंटरटेनमेंट लिमिटेड (OneOTT Intertainment Limited) नॉलेज पार्टनर और कार्यान्वयन सहयोगी के रूप में योगदान देगा।
लखनऊ में परियोजना का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रोजेक्ट गंगा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘डिजिटल इंडिया’ विजन को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।